10 की उम्र में छोड़ा घर, सड़कों पर बेचे गोलगप्पे, आज है टीम इंडिया का बेहतरीन खिलाडी

मेहनत, लगन और जज्बा, यह तीन ऐसी चीजें है जो आपका हर सपना साकार कर सकती है। फिर इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि आप अमीर हैं या गरीब। अब युवा क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) की स्टोरी ही ले लीजिए। यशस्वी एक जमाने में गोलगप्पे बेचा करते थे। उन्होंने कई रातें टेंट में भूखे पेट सोकर गुजारी। लेकिन वह इन चुनौतियों से निराश नहीं हुए। बल्कि मेहनत कर हर मुसीबत का डटकर सामना किया। इनकी सफलता की कहानी आपको भी प्रेरणा से भर देगी।
10 साल की उम्र में छोड़ा घर: यशस्वी जायसवाल उत्तर प्रदेश के भदोही के रहने वाले हैं। उनके पिता की एक छोटी सी दुकान है। मां हाउसवाइफ हैं। यशस्वी घर में सबसे छोटे हैं। उनका सपना एक क्रिकेटर बनने का था। इस सपने को पंख देने के लिए वह महज 10 साल की उम्र में घर छोड़कर मुंबई आ गए थे। उनके पिता ने भी उन्हें रोका नहीं। क्योंकि उनके पास बेटे के सुनहरे भविष्य के लिए कोई पैसे भी नहीं थे।
मुंबई में यशस्वी के एक रिश्तेदार संतोष पहले से रहते हैं। हालांकि उनका घर इतना बड़ा नहीं कि वह यशस्वी को भी रख लेते। ऐसे में यशस्वी ने एक डेयरी पर काम करना शुरू किया और वहीं रात को रहने लगे। लेकिन एक दिन डेयरी वाले ने उन्हें निकाल दिया। फिर उनके रिश्तेदार और मुस्लिम यूनाइटेड क्लब के मैनेजर संतोष ने वहां के मालिक से गुजारिश कर यशस्वी की रुकने की व्यवस्था ग्राउंड्समैन के साथ टेंट में करवा दी।
ठेले पर बेचता था गोलगप्पे: यहां दिन में यशस्वी आजाद मैदान में राम लीला के दौरान पानी-पूरी (गोलगप्पे) और फल के ठेले पर काम करने लगे। वह इस दौरान कभी-कभी लड़कों के साथ क्रिकेट खेलने भी जाते थे। इस दौरान वह भगवान से यही प्रार्थना करते थे कि उनकी टीम का कोई सदस्य गोलगप्पे के ठेले पर न आ जाए। वरना उन्हें बड़ी शर्म आएगी। क्रिकेट में अच्छे रन बनाकर वह हफ्ता निकालने के लिए 200-300 रुपए कमा लेते थे।
यशस्वी के दिन तो अच्छे गुजरते थे लेकिन रातें मुश्किल बड़ी होती थी। कई बार वह घरवालों को याद कर घंटों रोया करते थे। टेंट में रहने वाले लड़के आपस में लड़ा करते थे। उनकी खाना बनाने को लड़ाई होती थी। यहां रोटी बनाने की जिम्मेदारी यशस्वी की होती थी। क्रिकेट मैदान में बाकी लड़के घर का बना लंच बॉक्स लाते थे। लेकिन यशस्वी को खुद बनाकर ले जाना पड़ता था। कई बार वह ऐसा नहीं कर पाते तो दूसरे लड़कों से नाश्ता करवाने की गुजारिश करते थे।